तनाव से मुक्ति के लिए योग करना जरूरी
अमर उजाला ब्यूरो
मंसूरपुर। योग कार्यशाला में योग से ऊर्जावान तथा विचारशील और संस्कारवान बनने का आह्वान किया गया।
एमडीएस विद्यामंदिर इंटर कॉलेज मिल मंसूरपुर में जिला योग एसोसिएशन की ओर से योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। तेजस मुनि, जिला योग एसोसिएशन की अध्यक्षा समृद्धि त्यागी, वैशाली चैधरी, प्रवेंद्र दहिया व प्रबंधक संदीप कुमार ने संयुक्तरूप से मां सरस्वती चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तेजस मुनि ने योगा कराने के साथ इसका स्वास्थ्य पर पड़ने वाले लाभ के बारे में जागरूक किया। उन्होंने प्राणायाम और योग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए तनावमुक्त रहने के लिए प्रतिदिन योग करने का आह्वान किया। उन्होंने सूर्य नमस्कार, अनुलोम विलोम, कपालभाति, ओम का उच्चारण आदि का अभ्यास कराया। समृद्धि त्यागी ने कहा कि हमें जीवन में विचारशील और संस्कारवान बनना चाहिए। वैशाली चौधरी ने कक्षा 11 व 12 के छात्र छात्राओं की करियर काउंसिंलिग कर उन्हें जीवन में सफलता प्राप्त करने के तरीके बताएं। विद्यालय प्रबंधक संदीप कुमार व प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास करने की शपथ दिलाई।