कन्याओं की घटती जनसंख्या पर चिंता जताई
खतौली। अखिल भारतीय राजपूत रवा सभा सत्ताइसवाड़ा की बैठक में कन्याओं की घटती जनसंख्या पर चिंता प्रकट की गई। कबूल कन्या इंटर कॉलेज में हुई बैठक में समाज में बढ़ती कुरीतियों पर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि विवाह शादियों में फिजूल खर्ची नहीं करनी चाहिए। उन्होंने नशा, दहेज प्रथा का समाज से समूल नाश करने का आह्वान किया। युवकों तथा युवतियों को संस्कारित उच्च शिक्षा दिलाने, राष्ट्र तथा समाज हित में रचनात्मक कार्य करने पर बल दिया गया। नवदंपतियों के टूटते रिश्तों पर भी चिंता व्यक्त की गई। इस वर्ष एक सम्मान समारोह आयोजित कर समाज के मेधावी बच्चों को सम्मानित करने पर विचार किया गया। सम्मान समारोह कबूल कन्या इंटर कालेज में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अतर सिंह की अध्यक्षता तथा ब्रजपाल सिंह के संचालन में हुई बैठक में सत्ताइसवाड़ा के अध्यक्ष विरेंद्र सिंह वर्मा, रामनिवास प्रधान, हरवीर सिंह, सियानंद, जिले सिंह प्रधान, भगत सिंह, सुशील कुमार, सत्यपाल सिंह, सुनील आदि मौजूद रहे।