मुजफ्फरनगर। लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे पांच शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी गई हैं। कई बार नोटिस देने के बावजूद भी ये शिक्षक उपस्थित नहीं हुए थे।
बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत तीन शिक्षिकाएं एवं दो शिक्षक लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे थे। विभाग की ओर से उन्हें कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन वे अनुपस्थित ही रहे। इस पर विभाग ने पांचों के खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई शुरू कर दी। परिषदीय विद्यालय पुरकाजी द्वितीय में तैनात अल्पी कंसल, बुढ़ाना की पूनम भाटी, पुरकाजी उच्च प्राथमिक विद्यालय के अनीस अहमद, पुरकाजी मांडला के स्कूल के नवीन कुमार तथा पुरकाजी विद्यालय द्वितीय की नीतिका गुप्ता की सेवा समाप्त कर दी गई है। इसके अलावा एक अन्य शिक्षिका नीरज चौधरी के खिलाफ भी जांच चल रही है। उन्हें भी अनुपस्थित रहने पर नोटिस जारी किया गया था। बताया जाता है कि उन्होंने अपने दस्तावेज जमा कर दिए हैं। बीएसए योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि अनुपस्थित रहने पर पांच शिक्षकों की सेवा समाप्त की गई है।