किसानों का खाईखेड़ी मिल में धरना, प्रदर्शन
पुरकाजी। बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसानों ने बुधवार को उत्तम शुगर मिल खाईखेड़ी में धरना प्रदर्शन किया।
मिल में धरने के दौरान किसानों ने गन्ने का जल्द भुगतान करने और मिल परिसर से चोरी होने वाले किसान के सामान का मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान किसानों ने मिल के कुछ कर्मचारियों पर किसानों से सम्मानजनक व्यवहार न करने का आरोप भी लगाया। किसानों ने आरोप लगाया कि मिल द्वारा सामान्य जाति का गन्ना अगेती जाति की पर्ची पर नहीं लिया जा रहा है, जिससे किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मौके पर मौजूद तितावी मिल के सचिव बांके बिहारी व उप गन्ना अधिकारी ने डीजीएम को किसानों की समस्याओं का समाधान करने और सम्मानजनक व्यवहार करने की बात कही। किसानों ने गन्ना भुगतान 10 दिन में न करने पर 12 जनवरी को महापंचायत करने का एलान किया। इस दौरान विकास चेयरमैन, राजेश गुर्जर, प्रदीप, जोगेंद्र, अशोक, सुभाष त्यागी, जय कुमार, प्रेम प्रधान, सन्नी, सुक्कड़ सिंह, अजय, गजे सिंह, अनूप आदि किसान मौजूद रहे। डीजीएम सैम अंसार का कहना है कि किसानों की हर संभव समस्या का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा अगर कोई कर्मचारी किसानों से सम्मान जनक व्यवहार नहीं करता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।