सना बोली, राखी बांधकर कोई गुनाह नहीं किया
मुजफ्फरनगर। रक्षा बंधन पर्व पर नई मंडी कोतवाली में सम्मान स्वरूप पांच घंटे को प्रभारी निरीक्षक बनाई गई छात्रा सना थानवी के पुलिसकर्मियों को राखी बांधने पर विवाद हो गया है। देवबंद कोतवाल को मुस्लिम महिला द्वारा राखी बांधने को नाजायज बनाने के मामले के बाद छात्रा से सवाल-जवाब किए गए। सना ने कहा कि मामले को तूल देना गलत है। त्योहार और पर्व हिंदू और मुस्लिम मिल कर मनाते रहे हैं। एसएसपी अनंत देव ने डीजीपी के निर्देश पर रक्षा बंधन के दिन नई मंडी और सिविल लाइन थाने में कुछ घंटों के लिए सना थानवी और आयुषी को प्रभारी निरीक्षक बना दिया था। छात्राओं ने पुलिस अफसरों को राखी भी बांधी थी। मदरसा दारुल उलूम निसवा के नायाब मोहतमीम मौलाना नजीफ कासमी के मुस्लिम महिला द्वारा राखी बांधने को नाजायज बताने के बयान पर कुछ लोगों ने सना थानवी से सवाल किए। उनके द्वारा राखी बांधने को गलत बताया गया। मामले को लेकर कई लोग उनके घर पहुंच गए, जिस पर छात्रा ने ऐतराज जताया। साथ ही कहा कि भाईचारे और स्नेह के पर्व पर उन्होंने राखी बांध कर कोई गुनाह नहीं किया। हिंदू और मुस्लिम मिलकर दिवाली और ईद मनाते हैं।