किसानों को मंजूर नहीं गन्ना मूल्य
मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार ने गन्ना मूल्य में 10 रुपये की बढ़ोत्तरी की है, जिसे किसानों के साथ राजनीतिक दलों ने भी नाकाफी बताया है। सियासी दलों के नेताओं ने योगी सरकार पर गन्ना मूल्य को लेकर निशाना साधा है। रालोद के पश्चिमी यूपी प्रवक्ता अभिषेक चौधरी गुर्जर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जो गन्ना मूल्य बढ़ाया है, वह किसानों के लिए नाकाफी है। गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल होना चाहिए। रालोद किसानों के साथ खड़ी है। किसानों का किसी भी सूरत में उत्पीडऩ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ सपा नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री मुकेश चौधरी ने कहा कि किसानों को उसकी फसल की लागत का वाजिब दाम मिलना चाहिए। उनकी सरकार ने किसानों का पूरा ख्याल रखा, लेकिन योगी सरकार ऋणमाफी से लेकर गन्ना मूल्य पर किसानों के साथ धोखा कर रही है। दस रुपये की बढ़ोतरी नाकाफी है। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि किसानों की समस्या को छोड़कर योगी सरकार मिलों के पक्ष में खड़ी दिखाई दे रही है। गन्ने का मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल मिलना चाहिए। राजनीतिक दल किसानों को वोट बैंक के लिए इस्तेमाल करते हैं।