अध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन नहीं हो पाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। निकाय चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन केवल 20 नामांकन हुए। अध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन नहीं हो पाया। सभी सदस्य के लिए हुए हैं।
नामांकन के तीसरे दिन सदस्य पद के लिए 20 ने नामांकन किया है। चार ने मुजफ्फरनगर नगर पालिका में, एक ने जानसठ, दो ने मीरापुर, 12 ने शाहपुर, एक ने खतौली में नामांकन किया। नामांकन प्रपत्र अध्यक्ष पद के लिए 83 और सदस्य के लिए 307 ने प्रपत्र लिए हैं। इनमें पुरकाजी में पांच, चरथावल में 14, जानसठ में सात, मीरापुर में नौ, बुढाना में 13, शाहपुर में 19, खतौली में चार, भोकरहेड़ी में आठ, सिसौली में दो और मुजफ्फरनगर में दो नामांकन प्रपत्र लिए गए। सभासद के लिए मुजफ्फरनगर में 98 ने प्रपत्र लिए। पुरकाजी में 51, चरथावल में 27, जानसठ में 23, मीरापुर में 19, बुढाना में 20, शाहपुर में 8, खतौली में 29, सिसौली में 13, भोकरहेड़ी में 19 ने नामांकन प्रपत्र खरीदे हैं।
हाईकोर्ट में दाखिल की याचिका
खतौली। पूर्व चेयरमैन पारस जैन ने खतौली चेयरमैन पद की सीट को आरक्षित किए जाने के विरोध में हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल की है। इसकी सुनवाई की तिथि तय नहीं हुई है।
नामांकन जमा करने पहुंची निवर्तमान चेयरपर्सन
बुढ़ाना। नगर पंचायत सिसौली के अध्यक्ष पद के लिए ममता पत्नी बोबिन्द्र सिंह व नीरू देवी पत्नी यशपाल ने नामांकन पत्र खरीदे। नामांकन पत्र भरने के बाद नीरू देवी ने अपना पत्र जमा करवाना चाहा। नामांकन पत्र जमा करने का समय पूरा होने के कारण उनका नामांकन पत्र जमा नहीं हो सका। रिटर्निंग ऑफिसर प्रवीण कुट्टी ने बताया कि नीरू देवी तीन बजे नामांकन पत्र लेकर आई थी। समय पर नामांकन पत्र न लाने के कारण उनका नामांकन पत्र नही लिया गया। उनका नामांकन शुक्रवार को जमा किया जाएगा। सिसौली से सदस्य पद के लिए 13 नामांकन पत्र बिके।