किशोरी की बरामदगी के लिए प्रदर्शन
जानसठ। कस्बे से एक सप्ताह पूर्व घर से फरार हुई किशोरी की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने प्रदर्शन किया। परिजनों ने पुलिस से किशोरी को बरामद करने की मांग की है। क्षेत्र के एक मोहल्ला से 16 वर्षीय किशोरी मोहल्ले के ही पड़ोसी युवक के साथ फरार हो गई थी। किशोरी के भाई ने थाने में पड़ोसी युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। किशोरी के भाई ने बताया कि किशोरी परिजनों को नींद की गोली देकर घर में रखे 50 हजार रुपये लेकर युवक के साथ फरार हुई है। एक सप्ताह पूर्व तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस पीड़ित परिजनों को ही परेशान करने में लगी है। पीड़ित परिजनों ने मोहल्लेवासियों के साथ थाने पर प्रदर्शन करते हुए इंस्पेक्टर का घेराव कर किशोरी को बरामद करने की मांग की है। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्रा ने परिजनों को शीघ्र ही किशोरी को बरामद करने का आश्वासन दिया है।