प्रदेश सरकार किसानों के हित में काम कर रही
जानसठ। ब्लाक परिसर में आयोजित किसान गोष्ठी में खतौली विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की उपज दोगुनी करने के लिए कृषि विशेषज्ञ नए नए आविष्कार कराकर किसानों को कम लागत में उपज को बढ़ाने का काम कर रही है। सोमवार को किसान गोष्ठी में जिला कृषि अधिकारी जसवीर तेवतिया ने किसानों को सबसे पहले अपने खेत की मिट्टी की जांच कराने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसान जैविक खाद का इस्तेमाल करके खेती की लागत को तो कम कर ही सकते हैं, साथ ही उससे उसकी फसल भी काफी बढ़ जाती है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक विक्रम सैनी ने किसानों को सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में काम कर रही है। नई नई योजनाएं चल रही है, ताकि देश का किसान खुशहाल हो सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख योगेश गुर्जर और संचालन सोमपाल ने किया। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य रूप से गांव अहरोड़ा प्रधान मांगेराम, सतीश भड़ाना, नाहर सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र पाल सिंह, राजीव कुमार, सुशील कुमार आदि किसान उपस्थित रहे।