रोडवेज बसों का संचालन कराएं
खतौली। खतौली-जानसठ रोड पर रोडवेज बसों का संचालन कराने की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। जानसठ के व्यापारी नेता अशोक कांबोज के अलावा क्षेत्र निवासी आलोक वर्मा, पप्पी, शमशुल, नवाब, इंतजार, कल्लू, राजू, सतीश, मनोज, दीपक, संदीप, प्रदीप, सहेंद्रपाल, सीताराम, सुशील आदि ने बुधवार को फैक्स से मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी को पत्र भेजा। सीएम को भेजे पत्र में बताया कि खतौली से जानसठ और मीरापुर मार्ग पर प्राइवेट बसों का ही संचालन अधिक होता है। मात्र दो या तीन रोडवेज बसों का इस मार्ग पर संचालन होता है। शाम के सात बजे के बाद से इस मार्ग पर बसों का संचालन बंद हो जाता है। इस संबंध में कई बार डीएम व आरएम और खतौली डिपो के एआरएम को भी अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने पत्र के माध्यम से सीएम से इस मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन कराने की मांग की है।