मुजफ्फरनगर। एमजी पब्लिक स्कूल में विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस मनाया गया। इसमें नर्सरी, केजी के साथ ही कक्षा एक से कक्षा पांच तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। एडिशनल प्रिंसिपल मोनिका गर्ग ने बच्चों को विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस की जानकारी दी। बताया कि वर्तमान में कई प्रजाति के जीव जंतु और वनस्पति धरती से विलुप्त हो रहे हैं। इनकी रक्षा के संकल्प के लिए ही विश्व भर में प्रकृति संरक्षण दिवस का आयोजन किया जाता है। प्रकृति जिन तीन तत्वों के बिना अधूरी है, उनमें जल, जंगल और जमीन है। दुनिया में समृद्ध देश वही हुए हैं, जिन्होंने प्रकृति का संरक्षण किया है। प्रकृति के संरक्षण का संदेश देते हुए नर्सरी और केजी कक्षाओं के बच्चों ने स्कूल परिसर में प्लांट लगाए। कक्षा एक से कक्षा पांच तक के छात्र-छात्राओं ने सुंदर चित्रकारी की। बच्चों ने पेड़ पौधों की पत्तियों, मिट्टी और अन्य प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से आकर्षक चित्र बनाए और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। कविता रावल, बबीता वर्मा आदि मौजूद रहे।