मुजफ्फरनगर। इंडिया बुलियन एवं ज्वैलर्स एसोसिएशन लिमिटेड के बैनर तले जनपद के सर्राफ कारोबारी शुक्रवार को पुलिस ऑफिस पहुंचे और एसएसपी अनंतदेव को संबोधित ज्ञापन ऑफिस में दिया। बताया कि 14 जून को उनके संगठन पदाधिकारियों की डीजीपी ओपी सिंह से मुलाकात हुई थी। इसमें वार्ता के बाद डीजीपी ने कारोबारियों की विभिन्न समस्याओं का समाधान किए जाने का आश्वासन दिया था। इसके तहत जनपद स्तर पर हर माह होने वाली व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में सर्राफ कारोबारियों को भी बुलाने, व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी का सीधे संवाद कराने, प्रतिष्ठानों में लूट-डकैती जैसी घटनाओं को रोकने के लिए मार्केट खुलने और बंद होने के समय पुलिस पिकेट या होमगार्ड की ड्यूटी लगाने की मांग की गई। इसके साथ ही व्यापारियों से होने वाली लूट-डकैती जैसी घटनाओं का जल्द से जल्द अनावरण कराने, पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार न किए जाने व उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किए जाने की भी मांग की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष मनोज जैन, मोहित गोयल, मनोज पुंडीर, राजीव वर्मा, पुष्पेंद्र अग्रवाल, पराग गोयल, आदित्य जैन, सुशील गर्ग, सिद्धार्थ गोयल, विनय वर्मा मौजूद रहे।