छात्रों ने स्काउट में नेशनल अवार्ड जीता
जानसठ। डीएवी इंटर कालेज के दो छात्रों ने स्काउट में नेशनल अवार्ड जीत कर स्कूल व अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कालेज के छात्र विजय कुमार पुत्र जगदीश व नितिन कुमार पुत्र ब्रजभान कालेज की ओर से स्काउट टीचर जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में हरियाणा के पलवल में स्थित नेशनल यूथ कांप्लैक्स में आयोजित राष्ट्रीय स्काउट शिविर में 4 से 8 जून तक प्रतिभाग किया। शिविर में दोनों छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्रों को शिविर में आए मुख्य अतिथि सिद्धार्थ मोहंती ने नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया। स्कूल पहुंचने पर दोनों छात्रों का स्वागत किया गया।