मुजफ्फरनगर। एमजी पब्लिक स्कूल में चल रहे दस दिवसीय समर कैंप का रंगारंग प्रस्तुति के साथ समापन हो गया। नर्सरी से कक्षा छह तक करीब 104 बच्चों ने अलग अलग वर्ग में प्रतिभाग किया। दस दिन तक बच्चों को स्केटिंग, नृत्य, गायन, आर्ट एंड क्राफ्ट, इंग्लिश स्पीकिंग, स्किल डेवलपमेंट आदि का प्रशिक्षण दिया गया। समापन कार्यक्रम बच्चों ने स्केटिंग का प्रदर्शन कर अभिभावकों का स्वागत किया। छात्राओं ने सुंदर डांस प्रस्तुत किया। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं ने लघु हास्य नाटिका ‘बीरबल की चतुराई’ प्रस्तुत कर वातावरण को खुशनुमा बना दिया। नर्सरी एवं केजी कक्षाओं ने प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्य जीबी पांडे ने समर कैंप के सुंदर और सफल आयोजन के लिए सभी स्कूल स्टाफ और अभिभावकों का आभार जताया। एडिशन प्रिंसिपल मोनिका गर्ग ने कहा कि यह समर कैंप सभी के लिए यादगार रहा। संचालन वैशाली ने किया।