खतौली। पूर्ति निरीक्षक दीपांकर शर्मा ने गोदाम में मिट्टी तेल से भरे पांच ड्रमों को पकड़वा कर एक गोदाम में बंद करा दिया। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित मिट्टी तेल गोदाम के अंदर एक वाहन में रखे पांच ड्रमों में मिट्टी तेल भरा जा रहा है। मामला संदिग्ध लगने पर पूर्ति निरीक्षक ने एक डीलर को फोन करके ड्रमों में तेल भरने की वीडियो बनवाई और गोदाम कर्मचारियों को कहकर इन ड्रमों का वाहन समेत वहीं रुकवा दिया। साथ ही कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि अगर तेल से भरे ड्रम गोदाम से बाहर निकले तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। पूर्ति निरीक्षक का कहना है कि फिलहाल इन ड्रमों को गोदाम में रखवा दिया गया है। बुधवार को अवकाश होने की वजह से जांच पड़ताल करने के लिए विभाग का कोई कर्मचारी वहां नहीं पहुंच सका है। इसलिए बृहस्पतिवार को वे खुद टीम के साथ गोदाम में पहुंचकर इन तेल से भरे ड्रमों की जांच पड़ताल करेंगे।