मोरना (मुजफ्फरनगर)। नगर निकाय चुनाव को लेकर भोपा थाना पुलिस ने नगर पंचायत भोकरहेड़ी में मतदान स्थलों का निरीक्षण किया। मतदान कमरों की खिड़की, रोशनदान, प्रकाश व्यवस्था, बाउंड्री वाल, मुख्य द्वार समेत अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मतदान स्थलों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मतदान स्थल के आसपास का भी जायजा लिया। सीओ भोपा मोहम्मद रिजवान और थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। शांतिभंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।