पालिका कर्मचारी दूसरे दिन भी हड़ताल रही जारी
खतौली। नगर पालिका कर्मचारियों ने दूसरे दिन भी हड़ताल रखी। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में पालिका प्रांगण में धरना दिया। मंगलवार को कर्मचारी संघ अध्यक्ष महेंद्र वाल्मीकि के नेतृत्व में कर्मचारियों ने धरना दिया। इस दौरान आयोजित सभा में कर्मचारियों ने कहा कि एसीपी/सेवानिवृत्त कर्मचारियों का भुगतान बकाया पीएफ 16 माह एवं 2014 व 2015 का बोनस तथा कर्मचारियों का बकाया वेतन भुगतान व चार महंगाई भत्तों की किस्त आदि का भुगतान पालिका चेयरमैन द्वारा नहीं किया है। जिसको लेकर कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों ने मांग पूरी नहीं होने पर नगर की पेयजल आपूर्ति ठप करने की चेतावनी भी दी है। मौके पर संघ मंत्री नरेंद्र शर्मा, रामकिशन, संतलाल, अतुल गुप्ता, श्रवण कुमार, रामपाल सिंह चौहान, रवि कुमार, शहजाद उमर, प्रतिभा, दयावती आदि कर्मचारी मौजूद रहे।