नीट के रिजल्ट में चमक उठे होनहार
मुजफ्फरनगर। मेडिकल एजुकेशन के लिए कराई नीट की परीक्षा के परिणाम में जिले के होनहारों ने भी चमक बिखेरी है। होनहारों ने कड़ी मेहनत के बल पर सफलता की बुलंदियों को छुआ है। नीट में नाम रोशन करने वाले प्रतिभावानों को जूम इंस्टीट्यूट ने सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि हर क्षेत्र में जिले के युवा अपना जलवा दिखा रहे हैं। देशभर में एमबीबीएस, बीडीएस समेत मेडिकल कोर्स में दाखिले के लिए कराई गई नीट की परीक्षा का सीबीएसई ने शुक्रवार को रिजल्ट जारी किया है। नीट पास करने वाले छात्र-छात्राओं को ही मेडिकल एजुकेशन के लिए विभिन्न कालेजों में दाखिला मिलेगा। रिजल्ट में जिले के होनहारों ने भी जलवा दिखाया है। नीट के रिजल्ट में जूम इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा का लोहा मनवाया। इंस्टीट्यूट के लक्ष्य भंडारी (599) अंक प्राप्त लखनऊ मेडिकल कालेज में एडमिशन का रास्ता साफ कर लिया है। ईशा शर्मा ने भी 599 अंक लेकर जिले का नाम रोशन किया है। आकांक्षा तायल, ईना वर्मा, रोहन अग्रवाल ने 580 अंक प्राप्त किए हैं। शामली की मानसी मलिक, इशिता त्यागी, गौरव कुमार, भावना, ललित, बुढाना के आमिर बेग, अनन्या गर्ग आदि ने भी नीट के रिजल्ट में सफलता का परचम लहराया है। उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं का विभिन्न मेडिकल कालेज में एडमिशन पक्का है। होनहारों की सफलता में इंस्टीट्यूट पर जश्न मनाया गया। परीक्षा पास करने वाले छात्र-छात्राओं ने खुशी मनाते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। होनहारों ने चिकित्सा क्षेत्र में समाज, देश के लिए कुछ अलग करने को अपनी सफलता बताया है। इस दौरान इंस्टीट्यूट के शिक्षक और प्रबंधकों ने होनहारों का सम्मान किया।