मीरापुर। वन विभाग ने गंगा बैराज क्षेत्र में आए प्रवासी पक्षियों की जानकारी दी। कार्यक्रम को देखने के लिए कस्बे के स्कूली बच्चे भी मौजूद रहे।
जिला वन अधिकारी सूरज कुमार, वन क्षेत्राधिकारी एसके बंसल, डिप्टी रेंजर मोहन कुमार बहुखंडी, वन रक्षक देवेंद्र कुमार, रमेश चंद्र, प्रियंका, शबाब आलम आदि ने वन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गंगा बैराज पर आए प्रवासी पक्षियों की जानकारी उपस्थित बच्चों को दी। इन पक्षियों में सुर्खाब, जल मुर्गी, सिलेटी, अंजन, सफेद बगुला, पीली टिटहरी आदि पक्षी बच्चों को दिखाए गए। अधिकारियों ने वन्य जीव जंतुओं और पक्षियों के संरक्षण के उपाय बताकर उनका पर्यावरण संरक्षण में महत्व बताया। कस्बे के श्रीराम पब्लिक स्कूल और शिखर शिक्षा सदन हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने बर्ड वाचिंग का आनंद उठाया। डीएफओ ने कहा कि स्कूलों में भी प्रवासी पक्षियों की पहचान और उनके जीवन संबंधी रोचक जानकारी दी जाएगी। वन अधिकारियों के अतिरिक्त रेखा त्यागी, सीमा संगल, रीना पंवार, कृष्ण कुमार आदि भी मौजूद रहे।