मुजफ्फरनगर। कलक्ट्रेट में 82 दिन से चल रहा किसान का धरना समाप्त हो गया। किसानों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने केे बाद धरना समाप्त कर दिया। पचैंडा कला निवासी राज ऋषि आर्य 82 दिन से कलक्ट्रेट में डीएम कार्यालय पर धरना दे रहे थे। चार दिन पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट वैभव मिश्रा ने धरनास्थल पर पहुंचकर उसको धरना समाप्त करने के लिए कहा था। किसान द्वारा अभिलेखागार के पास ही सिलेंडर से खाना बनाने का कार्य किया जा रहा था। जिसे सुरक्षा कारणों से गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन ने किसान को धरना खत्म करने के लिए कहा था। मगर, किसान धरने पर डटा रहा। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट भारी पुलिस बल के साथ किसान के पास पहुंचे और समस्याओं पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया। यहां किसान ने डीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर किसान बावना मंच तिसंग के अध्यक्ष और अन्य नेता भी मौजूद रहे।