खतौली। डीएम राजीव कुमार शर्मा ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर गंगनहर कांवड़ मार्ग पटरी का निरीक्षण किया। कांवड़ मार्ग पटरी के किनारे नगरपालिका की ओर से डाले गए कूड़े के ढेरों को पीछे हटवाकर उस पर मिट्टी डलवाने के एसडीएम अतुल कुमार को निर्देश दिए। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा से पूर्व सभी कार्य पूरा कराएं। चेताया कि समय से पूर्व कार्य पूर्ण नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि गंगनहर पर बने रेलवे के लोहे के पुल नीचे गड्ढे को भरवाने के लिए डीएम को लिखकर भेज दिया गया है। उधर, भोपा में भी डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों के साथ चौधरी चरण सिंह गंगनहर कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। जौली, नंगला बजुर्ग, भोपा, बेलड़ा, निरगाजनी पहुंचकर उन स्थानों का भी जायजा लिया ,जहां पर ग्रामीणों द्वारा कांवड़ शिविर लगाए जाते है। उन्होंने शिविर आयोजकों को भी दिशा निर्देश दिए।