करंट लगने से लाइनमैन झुलसा
तितावी। गांव बुड़ीना कलां निवासी नरेंद्र पुत्र लक्खी सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका भाई विजय जसोई बिजलीघर पर लाइनमैन के पद पर तैनात है। सोमवार दोपहर लाइनमैन विजय गांव धौलरा के जंगल में किसान के खेत में ट्रांसफार्मर रखने के लिए गया था। विजय ने खेत से ही जसोई बिजलीघर पर तैनात सोहनवीर फौजी निवासी सिसौली थाना भौराकलां से शटडाउन देने को कहा, लेकिन सोहनवीर ने शट डाउन देने से मना कर दिया। इसके बाद उसने किसी तरह से शटडाउन ले लिया। विजय किसान के ट्रांसफार्मर को रखने लगा। आरोप है कि इसी दौरान लाइन किसी ने चालू कर दी। करंट लगने से उसका भाई विजय झुलस गया। विजय को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों उसको मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मेरठ अस्पताल में विजय की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।