जानसठ। जाट महासभा की बैठक में वक्ताओं ने समाज की घटती हुई जनसंख्या पर चिंता जताते हुए इस पर ध्यान देने का आह्वान किया।
रविवार को गांव राटौर में ग्राम प्रधान चंद्रशेखर के आवास पर हुई जाट महासभा की बैठक हुई। एलडीबी के चेयरमैन नरेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे समाज की घटती हुई जनसंख्या समाज के लिए आगे चलकर घातक सिद्ध होगी। घटती हुई जनसंख्या पर सबको गहनता से विचार करना चाहिए। समाज को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। समाज में घटती हुई बेटियों की संख्या पर भी चिंता जताई और युवकों से नशाखोरी से दूर रहने का आह्वान किया। पूर्व प्रधान हरेंद्र चौधरी, सेंहसर पाल, नरेंद्र सिंह नंगला मदौड़ और सहकारी समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि समाज को एकजुटता से रहना चाहिए तथा समाज के जो भी विवाद हों, उन्हें समाज के अंदर ही बैठकर निपटाया जाए। जिससे वे अदालत में ना जा सकें। बैठक में सर्वसम्मति से समाज के कमजोर बच्चों को शिक्षा दिलाने के लिए खर्च वहन करने और जाट समाज की पत्रिका का प्रकाशन करने पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान चंद्रप्रकाश, विनोद सिंह, ओमवीर सिंह, विजेंद्र, कृष्णपाल, चंद्रपाल आदि समाज के लोग उपस्थित रहे।