चरथावल। कस्बे एवं देहात में महाशिवरात्रि पर्व आस्था और श्रद्धा से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने शिवालयों पर बम बम के जयघोष के साथ जलाभिषेक किया। कस्बे में हालांकि दो दिन महा शिवरात्रि पर्व मनाने को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति रही। महादेव मंदिर पर प्राचीन शिवलिंग पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पुरोहित सुरेश शर्मा ने बताया कि दशकों बाद त्रयोदशी और चतुर्दशी का एक साथ संयोग पर महाशिवरात्रि का पर्व पड़ा है। चौकड़ा का शिव मंदिर, अलखपुरी शिव मंदिर, चौहट्टा सिद्धपीठ शिवलिंग, दधेडू शिव मंदिर, कुटेसरा, दूधली, बिरालसी, कान्हाहेड़ी, बलवाखेड़ी, बाढ़, बधाई कलां, महाबलीपुर के शिवालयों में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।