खतौली (मुजफ्फरनगर)। कोहरे में तालाब में गिरे किसान की डूबने से मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव अंती निवासी 50 वर्षीय किसान जयसिंह पुत्र रामकरण का सोमवार रात को दो बजे से राजवाहा का पानी चलाने का औसरा था। जयसिंह रात के समय खेतों में पानी चलाने के लिए गया। जयसिंह पानी चलाकर घर लौटते समय घने कोहरे की वजह से पैर फिसलकर तालाब में गिर गया। तालाब के पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब के अंदर शव को तैरते हुए देखा। तालाब में शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने शव को पानी से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त जयसिंह के रुप में की। किसान की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि घने कोहरे की वजह से किसान का पैर फिसल गया और वह तालाब में जा गिरा। तालाब में गिरने के बाद किसान से बाहर निकला नहीं गया। जिससे उसकी मौत हुई है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने लिखापढ़ी कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।