मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। इंडेंट बढ़ाने की मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मंसूरपुर शुगर मिल के जीएम कैन गन्ना महाप्रबंधक बलधारी सिंह से मिला। इस दौरान किसानों ने मिल गेट का इंडेंट बढ़ाने की मांग की। कहा कि मिल गेट पर किसानों की गन्ने की पर्चियां कम आ रही है। जिससे किसान अगली फसल बोने के लिए समय पर खेत खाली नहीं कर पा रहे हैं। किसानों ने महाप्रबंधक से कहा किसानों का इंडेंट 40 हजार क्विंटल प्रतिदिन कर दिया जाए। जिस पर महाप्रबंधक ने कहा कि अभी किसानों का 30 हजार क्विंटल का हर रोज इंडेंट जारी किया जा रहा है। किसानों की समस्या को देखते हुए गेट का इंडेंट 35 हजार क्विंटल प्रतिदिन किया जा रहा है। मिल को गन्ना सेंटरों के इंडेंट का भी संतुलन बनाना होता है। प्रतिनिधिमंडल में रालोद नेता विकास बालियान, जगपाल सिंह, मनोज डायरेक्टर, आनंद डायरेक्टर, पंकज राठी, इंदर भगत जी, रणवीर सिंह, नीरज चौधरी, अमरपाल सिंह, अनुज आदि किसान शामिल रहे।