एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स चलाएगी अभियान
खतौली। एसडीएम कन्हई सिंह ने कहा कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स का गठन किया गया है। यह टास्क फोर्स सरकारी भूमि को कब्जामुक्त करा भूमाफिया के विरुद्ध जिला बदर के साथ-साथ गुंडा एक्ट की कार्रवाई करेगी। तहसील के सभागार में सोमवार को बुलाई गई बैठक में पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग सहित ग्रामपंचायत सचिव शामिल हुए। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके विभाग से संबंधित जिन भूमि पर भूमाफिया ने कब्जा किया है, उस भूमि को शासन के आदेशानुसार तुरंत चिह्नित कर कब्जामुक्त कराएं। इसके लिए एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स गठित की गई है। यह टीम मौके पर पहुंचकर उस भूमि को कब्जामुक्त कराएगी। कहा कि भूमाफिया के शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त किए जाएंगे। बैठक में तहसीलदार अमित कुमार, थाना खतौली, मंसूरपुर, रतनपुरी के प्रभारी निरीक्षक भी मौजूद रहे।