जानसठ। कस्बे में डंपिंग ग्राउंड की जमीन पर गोशाला बनाने को लेकर एसडीएम ने निरीक्षण कर भूमि को चिह्नित किया।
कस्बे में गोशाला बनाए जाने को लेकर काफी समय से जमीन की तलाश की जा रही थी। जमीन न मिलने के कारण नगर पंचायत चेयरमैन प्रवेंद्र भड़ाना व अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार शुक्ला द्वारा नगर पंचायत के पुराने कार्यालय पर गोशाला का निर्माण करा दिया। वहीं नगर पंचायत द्वारा डंपिंग ग्राउंड बना रखा है। जिसके सामने धार्मिक स्थल होने के कारण यह डंपिंग ग्राउंड हमेशा विवादों में रहता है। शनिवार को एसडीएम अजय कुमार, अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार शुक्ला, लिपिक मोहम्मद इरफान द्वारा कस्बे में गोशाला बनाने को लेकर डंपिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। बताया कि गोशाला बनाने के लिए यह जमीन कस्बे से बाहर है। उन्होंने स्टीमेट बनवा कर गोशाला का निर्माण कराने के लिए ईओ को निर्देश दिए हैं। ईओ ने बताया कि डंपिंग ग्राउंड पर विवादों के चलते इस जमीन पर गोशाला बनाई जा रही है। कूड़ा डालने के लिए मोहल्ला बुध बाजार में डंपिंग ग्राउंड बनाया जाएगा।