मुजफ्फरनगर। शाहनवाज हत्याकांड के तीन आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई अब तीन जुलाई को होगी।
शाहनवाज हत्याकांड में पुलिस ने चार जून को पांच आरोपियों प्रहलाद सिंह, तेंदर उर्फ तेंदू, बिशन पुत्रगण इकत्यार सिंह, देवेंद्र व जितेंद्र पुत्रगण प्रहलाद सिंह को गिरफ्तार कर सीजेएम कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने उनकी जमानती अर्जी खारिज कर जेल भेज दिया था। बचाव पक्ष के अधिवक्ता अनिल जिंदल ने पांच में से तीन आरोपियों प्रहलाद, बिशन और तेंदर उर्फ तेंदू की जमानत के लिए जिला जज संजय कुुमार पचौरी की अदालत में अर्जी दाखिल की थी। जिस पर सुनवाई के लिए अदालत ने 28 जून की तारीख लगाई थी। शुक्रवार को वादी पक्ष के अधिवक्ता ने कोर्ट में तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास पेश करते हुए जमानत का विरोध किया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने इसका जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। इस पर कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए तीन जुलाई की तारीख नियत की है। इस हत्याकांड के छठे आरोपी रविंद्र सिंह उर्फ पटवारी की जानसठ पुलिस कुर्की कर चुकी है।