पुरकाजी। झारखंड में हुई मुस्लिम युवक तबरेज की मौत के मामले में जमीयत उलमा ए हिंद कार्यकर्ताओं ने थाने में ज्ञापन देकर हत्यारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। शुक्रवार को मदरसा तलीमुल इस्लाम में जमा हुए मुस्लिम समाज के लोगों ने घटना को लेकर कड़ा रोष जताया। इसके बाद जलूस के रूप में थाने पहुंचे और इंस्पेक्टर की गैर मौजूदगी में सब इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा कि झारखंड के जमशेदपुर में तबरेज को कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। ऐसी घटनाएं जहां समाज को शर्मशार कर रही हैं, वहीं ऐसी घटना मानवता व भारतीय सांस्कृतिक एवं संविधान के विरुद्ध है। ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की। इस दौरान मुफ्ती तनमिक अहमद, हाफिज अजीज अंसारी, हाफिज मुर्तजा, कारी जाबिर, हाफिज शाहनवाज, हाफिज शहजाद, हाफिज तंजीम, हाफिज अमीर आलम, राहत खान, अजीज सिद्दीकी, बब्बू फारूकी, परवेज आदि मौजूद रहे।