मुजफ्फरनगर। जिला इस बार गेहूं की खरीद लक्ष्य से पिछड़ गया है। अभी तक जिले में 64 प्रतिशत ही गेहूं खरीद हो पाई है। सरकार ने गेहूं खरीद के लिए 25 जून तक का समय बढ़ा दिया है। बीते वर्ष सरकार के लक्ष्य से 129 प्रतिशत खरीदारी हो गई थी। इस बार जिले में 31900 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य रखा गया था। 15 जून तक गेहूं की खरीद होनी थी। अब तक गेहूं की खरीद 20113.60 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद ही हो पाई है। हालांकि सरकार ने अब गेहूं खरीद का समय 25 जून कर दिया है। सेंटरों पर कहीं-कहीं ही अब गेहूं आ पा रहा है। सरकार के आदेश के कारण सभी 48 सेंटर लगातार चल रहे हैं। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी कमलेश सिंह ने बताया कि जिले में 8069 किसानों ने अपना गेहूं क्रय केंद्रों पर दिया है। इस बार लक्ष्य पूरा होना मुश्किल है। गेहूं खरीद का समय निकल चुका है। बाजार में भी इस बार सरकारी रेट के बराबर दाम ही मिले, इस कारण टारगेट पूरा नहीं हो पाया। जिले में इस बार टारगेट का केवल 64 प्रतिशत गेहूं ही खरीदा जा सका है।