खामियां मिलने पर भड़के विधायक
जानसठ। सीएचसी व महिला चिकित्सालय की लगातार मिल रही शिकायतों पर विधायक ने औचक निरीक्षण किया। महिला चिकित्सालय में दो कर्मचारी अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने अनुपस्थिति दर्ज कर दी। विधायक विक्रम सैनी ने महिला चिकित्सालय में औचक निरीक्षण किया। जिसको लेकर चिकित्सालय पर हड़कंप मच गया। वहां गंदगी का हाल देख विधायक भड़क गए। उन्होंने तुरंत सफाई व्यवस्था कराने को कहा। चिकित्सालय में दो कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर उनकी अनुपस्थिति रजिस्टर में दर्ज कर दी गई। इसके बाद उन्होंने सीएचसी का निरीक्षण किया। विधायक ने बताया कि उन्हें सीएचसी पर डॉक्टरों के देर से बैठने की लगातार शिकायतें मिल रही थी। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड केंद्र पर उपस्थित दवाइयों के बारे में जानकारी ली। सीएचसी पर समय पर न बैठने वाले डॉक्टरों के खिलाफ शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। विधायक के निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अफरातफरी रही।