कारों की भिड़ंत में दंपती सहित चार लोग घायल
खतौली (मुजफ्फरनगर)। नेशनल हाईवे पर दो कारों की भिड़ंत में दंपती सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को मेरठ अस्पताल में रेफर किया गया है।
साहिबाबाद के पुरानी रोड निवासी जितेंद्र अग्रवाल पुत्र सतीश अग्रवाल अपने पत्नी शारदा व दो बेटियों मनीषा व सोनिया को साथ लेकर अपनी कार से मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे हरिद्वार से घूमकर वापस दिल्ली लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर बुढ़ाना अंडरपास पर जितेंद्र अग्रवाल की कार में पीछे से तेज गति से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आगे जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर लगने से कार सवार दंपती व उनकी दोनों बेटियां घायल हो गए। बोलेरो सवारों ने ही घायलों को नर्सिंगहोम में भर्ती कराया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। कार सवारों का आपस में समझौता गया। पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।