मुजफ्फरनगर। जिले की निकायों में सफाई व्यवस्था को ओर अधिक मजबूत करने के लिए त्वरित सफाई बल का गठन किया गया है। इसकी कमान डीएम अजय शंकर पांडेय ने एडीएम प्रशासन अमित सिंह को सौंपी है। वहीं शहर को पांच जोन में पहले ही बांटा जा चुका है, अब सभी जोन के लिए अलग-अलग गाड़ी उपलब्ध करा दी गई है। शहर के पांचों जोन का स्वच्छ करने के लिए कूड़ा उठाने को गाड़ियों की व्यवस्था की गई है। यह गाड़ियां शहर में घूम घूम कर जहां कहीं भी कूड़ा दिखेगा उसे ढलावघर तक पहुंचाएगी। इन गाड़ियों द्वारा इस कार्य को किए जाने के लिए त्वरित सफाई बल का नाम दिया गया है। सुबह नौ से 12 बजे और सांय चार से आठ बजे के मध्य जहां उन्हें कूडे़ का ढेर मिलेगा उसको उठाकर ढलाव घर पर डालेंगे। गाड़ियों में कैमरे भी लगाए गए हैं जो कि सड़क पर कूड़ा डालने वालों की पहचान करेंगे।