खतौली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल और वरिष्ठ महामंत्री लोकेश अग्रवाल का नगर पहुंचने पर व्यापारियों ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जीएसटी सभी दरें हटाकर केवल 3, 5, और 15 प्रतिशत की जानी चाहिए। जीटी रोड पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दोनों व्यापारी नेताओं ने कहा कि सरकार ने प्रथम कैबिनेट बैठक में व्यापारियों को तीन हजार रुपये प्रति माह पेंशन देने की घोषणा की है। यह व्यापारियों की जीत है। उन्होंने इस पेंशन को बढ़ाकर दस हजार रुपये करने तथा छोटे बड़े व्यापारियों दिए जाने की मांग की। केंद्र सरकार ने जीएसटी में पंजीकृत सभी एक करोड़ 12 लाख व्यापारियों को दुर्घटना बीमा देने का निर्णय लिया है। व्यापारी नेताओं ने कहा कि जीएसटी की खामियों पर कहा कि 142 देशों में जीएसटी लागू है, मगर इतनी अधिक दरें एक भी देश में लागू नहीं है। हमारे देश में कोल्ड ड्रिंक पर 28 प्रतिशत जीएसटी और 12 प्रतिशत सेस लागू है। इतनी अधिक दरें होने से व्यापारी को हिसाब किताब रखने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। केंद्र सरकार से मांग की है कि 12, 15, 18, 28 दरों को हटाकर केवल एक दर 15 प्रतिशत की जाएं तथा सेस लगाने की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त की जाएं। इस दौरान व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारी मौजूद रहे।