15 दुकानों से 10 क्विंटल पॉलिथीन बरामद
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की टीम ने नगर में पॉलिथिन और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। करीब 15 दुकानों से 10 क्विंटल पॉलिथीन बरामद की गई।
बृहस्पतिवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ओम गिरि के नेतृत्व में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. आरएस राठी व अन्य पालिका कर्मचारियों की टीम पहले दालमंडी पहुंची। यहां पर पांच दुकानदारों के पास पॉलिथिन पकड़ी गई। अतिक्रमण कर दुकान का सामान सड़क पर लगाने वालों से जुर्माना वसूला गया। मोहल्ड़ी मार्केट और अन्य दुकानदारों के यहां से तकरीबन 10 क्विंटल पॉलिथीन और प्लास्टिक के गिलास बरामद किए गए। पॉलिथीन बिक्री पर एक लाख 70 हजार तथा अतिक्रमण करने वालों से 28 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। ईओ ओम गिरि ने बताया कि पॉलिथीन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से अतिक्रमण नहीं करने तथा प्रतिबंधित पॉलिथीन में सामान नहीं बेचने को कहा है।