मनोरोगी युवक ने बस के आगे छलांग लगाई
रतनपुरी/खतौली। मंडावली भट्ठे के पास सड़क पर घूमता मनोरोगी युवक अचानक चलती रोडवेज बस के सामने कूद गया। बस की चपेट में आकर युवक घायल हो गया।
बुढ़ाना क्षेत्र के गांव अलीपुर अटेरना निवासी मुकेश पुत्र ऋषिपाल खतौली डिपो में संविदा पर बस चालक है। शनिवार की सुबह करीब 9 बजे वह बुढ़ाना से बस लेकर खतौली के लिए चला। इसके साथ अटेरना निवासी युवक मोहन परिचालक के रूप में था। जब मुकेश बस लेकर मंडावली भट्ठे के पास पहुंचा, तभी सड़क किनारे घूमता हुआ मनोरोगी युवक अचानक रोडवेज बस के सामने छलांग लगा दी। अचानक बस के सामने कूदे युवक को बचाने के लिए चालक मुकेश ने बस को तुरंत दूसरी दिशा में मोड़ दी। इसके बावजूद भी युवक बस की चपेट में आ गया, जिससे वह घायल हो गया। चालक ने बस रोककर घायल युवक को अन्य सवारियों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद चालक बस लेकर रतनपुरी थाने पहुंचा और इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान को घटना की जानकारी दी। सूचना पर रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक के बारे में जानकारी की। जानकारी करने पर पता चला कि घायल युवक गांव मंडावली बांगर निवासी अरविंद पुत्र रमेशचंद है। परिजनों ने बताया कि युवक अरविंद मनोरोगी है। कुछ दिन पहले उसने अपने ही घर में भी आग लगा दी थी। समय से उपचार मिलने के कारण घायल युवक को जीवनदान मिला। पुलिस ने उपचार के बाद युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।