सिसौली (मुजफ्फरनगर)। कस्बा सिसौली व उसके आसपास गांवों में बृहस्पतिवार की शाम बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद जिले में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई है। इसके अलावा सिसौली तथा मुंडभर, खेड़ी माजरा, भौराकलां, भौरा खुर्द आदि गांवों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे मौसम ठंडा हो गया। ओलावृष्टि से बहुत ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। यदि ज्यादा क्षेत्र में ओलावृष्टि होती तो आम की फसल को नुकसान होता।