जानसठ। पानीपत खटीमा राजमार्ग पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए।
बृहस्पतिवार सुबह गांव राजपुर कलां निवासी वीरेंद्र पुत्र नीर सिंह अपनी पुत्रवधू करुणा पत्नी सचिन को परीक्षा दिलवाने के लिए बाइक से मुजफ्फरनगर जा रहे थे। जैसे ही वे गांव कवाल के पास पहुंचे, तो उनकी बाइक में एक जुगाड़ ने टक्कर मार दी। जिससे वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू कर दी है। उधर, दोपहर के समय क्षेत्र के गांव सालारपुर निवासी अमरपाल पुत्र घसीटा, मुनेश पत्नी अमरपाल व नरेंद्र पुत्र रमेश गांव से रामवीर की ई-रिक्शा में बैठकर जानसठ आ रहे थे। गांव सालारपुर से निकलते ही रोडवेज बस ने रिक्शा में टक्कर मार दी। जिससे रिक्शा में बैठे लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायलों को राहगीरों ने सीएचसी में भर्ती कराया गया है।