पुरकाजी। श्मशान की जमीन पर कब्जा करने के प्रकरण में शनिवार को नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। हिंदू समाज के लोगों की मांग पर जमीन की पैमाईश कराई। करीब दो सप्ताह पूर्व कस्बे में श्मशान की जमीन पर कब्जा करने के मामले में हिंदू समाज के लोगों के हंगामा करने के मामले ने तूल पकड़ लिया था। पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊंटवाल ने डीएम से शिकायत की थी। आठ मई को तहसीलदार सदर ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जमीन की पैमाईश कराई थी। इस दौरान मौके पर हिंदू समाज के लोगों की तहसीलदार से नोकझोंक भी हो गई थी। शनिवार को नायाब तहसीलदार इंद्रदेव शर्मा राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जमीन का निरीक्षण किया। इस दौरान भारत भूषण खुल्लर, वीरेंद्र सिंह, पीयूष राणा, डॉक्टर ओपी गौतम, बालकिशन सिंघल, मनिकांत गोयल आदि लोग भी मौके पर पहुंच गए। जमीन की पैमाइश को गलत बताकर दोबारा पैमाइश कराने की मांग की। इस पर टीम ने जमीन की पैमाइश की। नायब तहसीलदार ने बताया कि रिपोर्ट डीएम को दी जाएगी। आगे की कार्रवाई डीएम के आदेशों पर ही की जाएगी।