देवबंद (सहारनपुर)। गोपाली गांव में क्रिकेट खेल रहे युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
गोपाली गांव निवासी परवेज का बेटा छोटा शाम के समय गांव में स्थित मैदान में साथियों के साथ क्रिकेट मैच खेल रहा था। इस दौरान बॉल समीप में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के पास चली गई। बताया जाता है कि जब छोटा बॉल उठाने के लिए वहां गया तो ट्रांसफार्मर से निकले तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। जिसकी कुछ समय बाद ही मौत हो गई। क्रिकेट खेल रहे अन्य युवकों ने जब उसके परिजनों को इसकी जानकारी दी तो वह दौड़ते हुए वहां पहुंचे और उसे उठाकर चिकित्सक के यहां ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच जानकारी मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंच गई और घटना की बाबत पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मृतक परिवार ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई किए जाने से इंकार कर दिया। बताया गया है कि देर रात्रि परिजनों ने छोटा के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।