मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद इंटर कॉलेज में पुरातन छात्र परिषद के तत्वाधान में स्वामी विवेकानंद की 156वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य सतीश उपाध्याय एवं पुरातन छात्र परिषद के अध्यक्ष शलभ गर्ग, सचिव अतुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमित संगल, सदस्य कपिल बंसल, अध्यापक प्रतिनिधि महेश कुमार ने सामूहिक रूप से मां शारदा एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित किया। प्रधानाचार्य सतीश उपाध्याय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद वेदांत के विख्यात एवं प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरू थे। स्वामी विवेकानंद के अनमोल वचन ‘उठो, जागो और ध्येय की प्राप्ति तक मत रुको’ का पूर्णत: पालन करें और खुद पर भरोसा रखें, अडिग रहें और मजबूत बनें, आज हमें इसकी ही आवश्यकता है। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र अनमोल धीमान ने भी विचार रखे।