खतौली। रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव फुलत निवासी अभिषेक पुत्र अजय जीटी रोड पर ईदगाह के सामने किराना की दुकान करता है। बुधवार की शाम वह दुकान बंद करके घर चला गया था। रात को अचानक दुकान में आग लग गई। दुकान के अंदर से धुआं उठते देखकर लोगों ने मोबाइल से अभिषेक को दुकान में आग लगने की खबर की। दुकान पर पहुंच कर उसने शटर खोला तो अंदर भयंकर आग लगी हुई थी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग को बुझाया। आग से दुकान में करीब 50 हजार रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है।