खतौली। चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे 15 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हिरासत में लिया है। बदमाश लूट का वांछित आरोपी है।
बुधवार की रात पुलिस उच्च अधिकारियों के आदेश पर गंग नहर पुल पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बदमाश ने रुकने का इशारा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायर किया। इसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाश को पकड़ लिया। बदमाश के पास से तमंचा, बाइक, कारतूस और खोखा बरामद हुआ है।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए बदमाश की पहचान रामराज क्षेत्र के बहसूमा निवासी टीनू उर्फ बाबला के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी ने गांव तुलसीपुर स्थित मंदिर में 2018 में लूट की थी। उसी में वांछित चल रहा है। बदमाश पर अलग-अलग थानों में लूट गैंगस्टर चोरी के 8 मुकदमे दर्ज हैं।