मोदी-योगी की बातें झूठी निकली: संजय
मुजफ्फरनगर। आप पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने चहेतों को देश का साढे़ आठ लाख करोड़ बांट दिया है।
पैदल यात्रा पर निकले आप सांसद संजय सिंह ने काली नदी घाट स्थित एक बैंक्वट हाल में पत्रकारों से वार्ता में कहा कि भाजपा और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की सभी बातें झूठी हैं। आम जनता के खाते में 15 लाख की बात की थी 15 पैसे नहीं आए। प्रधानमंत्री ने अपने चहेते उद्यमियों को देश का साढे़ आठ लाख करोड़ बांट दिया, जो डूब गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार दिलाने का भाजपा का वादा सपना दिखाने जैसा था। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने की बात करती है। ऐसा कोई दिन नहीं जाता है जिस दिन छोटे बच्चों के साथ प्रदेश में घटना नहीं होती हो। लूट, हत्या और बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही है। प्रदेश सरकार सभी मोर्चो पर विफल है। कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ किसानों को नहीं मिल पा रहा है। किसान और मजदूर दोनो ही परेशान है। आम जनता राहत महसूस नहीं कर रही है। इस अवसर विपिन बालियान आदि मौजूद रहे।