रतनपुरी। गन्ने के खेत में कीटनाशक का छिड़काव करते वक्त उसके प्रभाव में आने से गांव कल्याणपुर के पूर्व प्रधान की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मचा है। गांव कल्याणपुर के पूर्व प्रधान हाकम अली (60) पुत्र बशीरुदीन बुधवार की सुबह करीब आठ बजे अपने बेटे इसरार के साथ गन्ने के खेत में कीटनाशक और खाद डालने के लिए गए थे। छिड़काव करते वक्त कीटनाशक के प्रभाव के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी के साथ साथ बेचैनी होने लगी। बेटा इसरार उन्हें घर ले आया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद परिजन उन्हें मुजफ्फरनगर स्थित एक अस्पताल के लिए लेकर चल दिए। मगर, रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का मृतक के घर परिजनों को सांत्वना देने का तांता लगा रहा। मृतक के भतीजे पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुजफ्फर अली ने बताया कि शाम को मगरिब की नमाज के बाद शव को गमगीन माहौल में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।