बायोमेट्रिक से उपस्थिति लगाएंगे कर्मचारी
मंसूरपुर। गन्ना समिति संचालकों की बैठक समिति कार्यालय में चेयरमैन अरुण बालियान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कई प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि समिति के कर्मचारी अब बायोमेट्रिक सिस्टम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। सभी संचालकों ने सर्वसम्मति से दूसरा प्रस्ताव पारित किया कि पूर्व की भांति समिति को किसानों की पर्चियां काटने का अधिकार होगा तथा समिति कार्यालय में ही कंप्यूटर से पर्चियां कटेगीं। समिति के कर्मचारी समिति में आने वाले किसानों के साथ कैसा व्यवहार करते हैं, उनकी समस्याओं का निपटारा करते हैं या नहीं। इसकी देखरेख की जिम्मेदारी सर्वसम्मति से संचालक राजेश्वर आर्य को सौंपी गई। बैठक में पहुंचे गन्ना महाप्रबंधक बलधारी सिंह ने सदस्यों को बताया कि शुगर मिल इस सप्ताह में 31 मार्च तक का भुगतान कर देगी। उपसभापति मनोज कुमार, संचालक रविंद्र काकड़ा, रुपेंद्र पंवार, धर्म सिंह, भूपेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, शिवदत्त त्यागी आदि मौजूद रहे।