प्लाइवुड व्यापारी की सड़क हादसे में मौत
बेहट (सहारनपुर)। कस्बे के प्लाइवुड व्यापारी की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। व्यापारी सहारनपुर में आयोजित अपने भतीजे के शादी समारोह में शामिल होने के बाद हरिद्वार जा रहे थे। उनकी मौत की सूचना से कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। कस्बे के शाकंभरी रोड निवासी रंजन शर्मा उर्फ बॉबी पुत्र घनश्याम शर्मा प्लाइवुड व्यापारी है। सोमवार की रात वह अपने भतीजे मोहित पुत्र प्रदीप की शादी में पूरे परिवार के साथ शामिल होने के लिए सहारनपुर गए थे। शादी में शामिल होने के बाद वह हरिद्वार के लिए निकल गए। रात करीब 1:30 बजे जब वह पंतजलि योगपीठ के पास पहुंचे तो कार ड्राइवर प्रवेश निवासी अब्दुल्लापुर को अचानक नींद की झपकी लग गई जिसपर उनकी कार ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए और रंजन शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ड्राइवर सहित उनकी पत्नी व लड़की बाल बाल बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भिजवाया। मंगलवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया हादसे की सूचना मिलते ही कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है।