खतौली। मोहल्ला कांशीराम के गीता भवन में श्रीकृष्ण संकीर्तन मंडल की ओर से नौ दिवसीय विलक्षण श्रीराम कथा का मंगलवार को शुभारंभ हो गया। कथा का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। कथावाचक साध्वी दीपिका भारती ने बताया कि श्रीराम सगुण, निर्गुण, सच्चिदानंद स्वरूप, निर्विकार, पारब्रह्म परमात्मा हैं। प्रभु श्रीराम की कथा को श्रवण करके एवं उसके आध्यात्मिक रहस्यों को जीवन में धारण करके एक मनुष्य समस्त दुखों और परेशानियों से मुक्त होकर अपने जीवन को सफल बना सकता है। रामचरितमानस का प्रत्येक कांड मनुष्य को अज्ञानता से ज्ञान, मृत्यु से जीवन और अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है। राम कथा कोई कहानियों का संग्रह नहीं है, अपितु मनुष्य को जीवन जीने की कला सिखाने वाला एक परम ग्रंथ है। कथा में मनोज अग्रवाल, कुलदीप शर्मा, प्रभात गुप्ता, मुकेश दत्त शर्मा, ललित अग्रवाल, मुकेश तायल, विकास गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।