बुढ़ाना। सुबह और शाम कोहरा पड़ने से कस्बा और देहात के लोगों का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।
रात में चीनी मिल में आने व गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली व भैंसा बुग्गियों को सड़क हादसों का डर बना हुआ है। दो दिन पहले घने कोहरे में रायपुर अटेरना निवासी राकेश की गन्नों से भरी ट्रैक्टर ट्राली मेरठ-करनाल हाईवे पर कार से टकराने के कारण हुए हादसे में चार लोग घायल हो गए थे। घने कोहरे के कारण स्कूल के बच्चों से भरी स्कूल बस हाईवे पर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई थी। शुक्रवार को फुगाना व सराय के बीच घने कोहरे में सडक पार कर रहे ट्रैक्टर ट्राली को बचाने के चक्कर में दर्जनों वाहन आपस में भिड़ गए। गांव खेड़ामस्तान व गांव लाक के बीच शामली के एक स्कूल की बस सड़क किनारे खडे़ ट्रक में टकराने से बाल-बाल बच गई। अभिभावकों का कहना है कि घने कोहरे व ठंड के कारण छोटे बच्चों को स्कूल भेजने में भारी परेशानी हो रही है। कोहरे के कारण सड़क पर भी हादसों का डर बना हुआ है। खेतों में काम करने वाले किसान व मजदूर प्रात: काल की ठंड व कोहरे के कारण अपने खेतों में काम नही कर पा रहे हैं। सुबह शाम के कोहरे के कारण कस्बा व देहात क्षेत्र का जन जीवन अस्त व्यस्त व रोजगार प्रभावित हुआ है।